रीठा में मेला चौक पर चरस की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
1.139 किलो चरस बरामद, एसओजी-एएनटीएफ और रीठा साहिब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
चम्पावत। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चम्पावत पुलिस ने रीठा साहिब क्षेत्र में चरस की बड़ी खेप पकड़ते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मेला चौक पुलिस चेक पोस्ट के सामने चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 1.139 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
15 सितंबर को क्षेत्राधिकारी चम्पावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण में एसओजी, एएनटीएफ और रीठा साहिब पुलिस की टीम मेला चौक पर संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मदन राम (42), निवासी ग्राम अमजढ़, थाना खनस्यू, नैनीताल को रोककर तलाशी ली तो उसके पास चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चरस मोहन सिंह पुत्र गंगा सिंह, निवासी सलक, थाना खनस्यू से लेकर आया था। पुलिस के मुताबिक बरामद चरस अलग-अलग स्थानों से एकत्र की गई थी। मामले में थाना रीठा साहिब में मु0अ0सं0 06/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रीठा साहिब उपनिरीक्षक भुवन चन्द्र आर्य, एएनटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट, हेड कांस्टेबल ललित श्रीवास्तव, राजेश राणा व धर्मेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल राजकुमार, ललित चौधरी और उमेश राज शामिल रहे।

