जनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट में तस्करों के हौसले बुलंद, देवदार के 15 पेड़ों को सुखाने का किया प्रयास

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट में सक्रिय वन तस्करों हौसले बुलंद हैं। वे लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अब उन्होंने आदर्श कॉलोनी में देवदार के 15 पेड़ों के तने को छीलकर उन्हें सुखाने का प्रयास किया है। लोगों की शिकायत पर पहुंचे राजस्व और वन कर्मियों ने मामले की जांच की। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

राजस्व उपनिरीक्षक राकेश पंगरिया ने बताया है कि लोहाघाट की आदर्श कॉलोनी के बोट हाउस के पास देवदार के 15 हरे पेड़ों को सुखाने के लिए उनके तने छीले जाने की शिकायत मिली थी। इस पर उन्होंने और वन दरोगा नंदा बल्लभ भट्ट ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेंजर दीप जोशी ने बताया कि देवदार के 15 पेड़ों के तनों को गोल कर छीला गया है। एसडीएम रिंकू बिष्ट के निर्देश पर वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दुर्लभ प्रजाति के देवदार के पेड़ों को लगातार नुकसान पहुंचाए जाने पर पर्यावरण प्रेमियों ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

आठ पेड़ों पर आरी चलाने वालों का दो माह बाद भी पता नहीं लगा
लोहाघाट। नगर की आदर्श कॉलोनी में गत 27 जनवरी को वन तस्करों ने देवदार के आठ सूखे और हरे पेड़ों पर आरी चला दी थी। राजस्व विभाग की तहरीर पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम साबित हुई है। पुलिस कार्रवाई में हो रही देरी पर पर्यावरण प्रेमियों और लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है।