उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

उत्तराखंड के थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फैलाई थी दहशत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर धमकी भरे पोस्ट साझा कर प्रदेशभर में दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिससे धमकीपूर्ण पोस्ट किए गए थे।

पुलिस के अनुसार, 21 जून को अज्ञात व्यक्ति ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग करते हुए उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरे संदेश अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर प्रसारित किए थे। इन पोस्टों से आम जनता में भय और आतंक का वातावरण बन गया था तथा कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आशंका उत्पन्न हो गई थी।

Ad Ad

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर, देहरादून में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश के लिए कोतवाली नगर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह के रूप में की और उसे नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद में पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था।

आरोपी ने बताया कि संबंधित घटनाओं की सोशल मीडिया रील देखने के बाद उसने लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘Jaspreet-devil’ से 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी थानों में बम विस्फोट करने की धमकी वाली टिप्पणी पोस्ट की थी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से धमकीपूर्ण पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने यह कृत्य अकेले किया था या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है।