खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया लोहाघाट महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण
छात्राओं से संवाद कर जानी पढ़ाई और प्रशिक्षण की स्थिति, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश; महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून का शैक्षणिक भ्रमण करेंगी छात्राएं
लोहाघाट/चम्पावत। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को लोहाघाट स्थित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज एवं स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कॉलेज और स्टेडियम की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने तथा छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने स्पोर्ट्स कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद किया और उनकी दैनिक दिनचर्या, पढ़ाई, खेल प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।



खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में विकसित करने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोहाघाट महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बालिका खिलाड़ियों को शिक्षा के साथ उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना सफलता की पहली सीढ़ी है। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अनुशासन, लगन और निरंतर मेहनत जरूरी है। खेल आज शिक्षा की तरह ही बेहतर भविष्य और करियर निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल प्रशिक्षण पर भी पूरी गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।



महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज का भ्रमण करेंगी छात्राएं
खेल मंत्री ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राओं को जल्द महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज की प्रशिक्षण व्यवस्था, दैनिक दिनचर्या और खेल गतिविधियों को करीब से देखने से छात्राओं को नई सीख और प्रेरणा मिलेगी।
छात्राओं को मिली बस की सुविधा
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राओं के सुगम आवागमन के लिए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बस सुविधा उपलब्ध होने से छात्राओं को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और उनका समय भी बचेगा।
उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने खेल कौशल को निखारें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगौली, प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, बॉक्सिंग कोच रजवंत कौर, बैडमिंटन कोच साक्षी राणा, एथलेटिक्स कोच कमला, कंप्यूटर ऑपरेटर मनीषा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राएं मौजूद रहीं।

