क्राइमचंपावतटनकपुरनवीनतम

सैलानीगोठ में पूर्व फौजी के घर धावा, लाखों के जेवर और एक लाख की नकदी चोरी

ख़बर शेयर करें -

खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर, परिवार के सोते रहने के दौरान दिया वारदात को अंजाम; चार टीमें गठित

टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर के ग्राम पंचायत सैलानीगोठ में आर्मी कैंट के समीप शहीद द्वार के पास पूर्व सैनिक के घर अज्ञात चोरों ने देर रात धावा बोल दिया। चोर खिड़की की ग्रिल/एंगल काटकर घर के भीतर दाखिल हुए और अलमारी व संदूक के लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब एक लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार 16-17 सितंबर की रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच पूर्व फौजी सूबेदार बसंत राम के घर चोरी की वारदात हुई। घटना के समय बसंत राम अपने परिवार के साथ घर में ही मौजूद थे। परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे, जबकि चोर खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और दो कमरों को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी और संदूक के लॉकर तोड़कर बसंत राम की पत्नी, बहू और दो बेटियों के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली।

Ad Ad

पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों की कीमत लाखों रुपये है, जबकि करीब एक लाख रुपये की नकदी भी चोर ले गए। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

बसंत राम ने आशंका जताई कि चोर जंगल की ओर से रेलवे पटरी के रास्ते उनके आवास तक पहुंचे होंगे। वारदात को अंजाम देने के बाद भी चोर इसी रास्ते से फरार हुए होंगे। हालांकि चोरों की संख्या कितनी थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल चेतन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच का जिम्मा मनिहारगोठ पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक तेज कुमार को सौंपा गया है।

गृह स्वामी बसंत राम की तहरीर के आधार पर टनकपुर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल चेतन रावत के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि चोरों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

आर्मी कैंट और शहीद द्वार के समीप हुई चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में भी चिंता है। पुलिस आसपास के रास्तों, सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।