पीएम मोदी के जन्मदिवस पर दीपों से जगमगाया चम्पावत, ‘आशीर्वाद का दीया’ में लिया सेवा का संकल्प
धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों से लेकर ग्राम पंचायतों तक जनसहभागिता; 18 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
चम्पावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद चम्पावत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किया गया। जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थानों और प्रशासनिक कार्यालयों में लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण का संकल्प लिया।
जनपद मुख्यालय स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर, गोरलचौड़ में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा प्राप्त मंत्री मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित किए।

इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए सेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वच्छता बनाए रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी जले ‘आशीर्वाद के दीये’
अभियान के तहत शारदा घाट, मां पूर्णागिरि मंदिर, श्यामलाताल, टी-गार्डन, घटकू हिडिम्बा मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, मानेश्वर मंदिर, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा मंदिर और नागार्जुन पार्क समेत जनपद के विभिन्न धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में भी स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता का स्वरूप दिया।

18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
उल्लेखनीय है कि 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान जनपद में सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनसहभागिता, नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ धार्मिक, पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों को भी अभियान से जोड़ा गया है।
अभियान के माध्यम से ‘जनसहभागिता से जनसेवा’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से एक माह तक सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।


