सड़क हादसे में एसएसबी जवान की मौत, परिवार में पसरा मातम
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ से गंगोलीहाट जा रही एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार एसएसबी जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय जवान ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार गंगोलीहाट के चौड़ाधुरौली के स्यूंतोला तोक निवासी हिमांशु कुमार 27 पुत्र पुष्कर राम सशस्त्र सीमा बल की 11वीं बटालियन में तैनात थे। वर्तमान में वह धारचूला में तैनात थे और छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार को वह किसी काम से पिथौरागढ़ आए थे और देर शाम बाइक से अपने गांव को जा रहे थे। बताया जाता है कि दूनी के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पैरापिट के साथ टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर ही पलट गई और हिमांशु कुमार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चौड़ाधुरौली व आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने खाई में पड़े हिमांशु कुमार को सड़क तक पहुंचाया। जहां से परिजन उपचार के लिए निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार हिमांशु कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई थी। डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। जब परिजन उन्हें हायर सेंटर ले जा रहे थे तभी जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर घाट में उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को मृतक जवान का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हिमांशु कुमार की दुर्घटना में मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। माता-पिता सहित अन्य परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक के असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पिथौरागढ़ जिले में शनिवार को दो थल और मुन्स्यारी के वाहन दुर्घटनाओं में पूर्व सैनिक सहित दो युवाओ की मौत हुई थी।

