टनकपुर में जल्द स्थापित होगा प्रदेश का पहला ‘पिंक पुस्तकालय’

जिये पहाड़ समिति जल्द ही खोलेगी तीन और नागरिक पुस्तकालय, महिला पुस्तकालय का नाम होगा ‘हीरा देवी भट्ट पिंक नागरिक पुस्तकालय’

टनकपुर/चम्पावत। जिये पहाड़ समिति जल्द ही चम्पावत जिले में तीन और नागरिक पुस्तकालय खोलने जा रही है। इसी के साथ ही समिति प्रदेश का पहला महिला पुस्तकालय (पिंक पुस्तकालय) की स्थापना करेगी। जिसका नाम हीरा देवी भट्ट पिंक नागरिक पुस्तकालय टनकपुर रखा जाना तय किया गया है। यह पुस्तकालय केवल महिला पाठकों के लिए खोला जाएगा। इसके अतिरिक्त समिति दो अन्य पुस्तकालयों स्व. केशव भार्गव नागरिक पुस्तकालय बनबसा और एक नागरिक पुस्तकालय रीठा साहिब में खोलने जा रही है।
जिये पहाड़ समिति के जिला समंवयक अनिल चौधरी पिंकी ने बताया समिति का उद्देश्य छात्र छात्राओं को पढ़ने की ओर प्रेरित करना, उन्हें नशे से दूर रखना और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में तेजी लाना है। जिये पहाड़ नागरिक पुस्तकालय की स्थापना पूर्व उपजिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया द्वारा की गई थी। नागरिक पुस्तकालय खोलने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। वर्तमान में समिति द्वारा कुल 25 निःशुल्क पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें से 17 पुस्तकालय चम्पावत जनपद में हैं। अब समिति प्रदेश का पहला महिला पुस्तकालय खोलने जा रही है। समिति द्वारा संचालित नागरिक पुस्तकालयों में से अब तक 73 बच्चे सरकारी विभागों में सेवा दे रहे है।
