चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में मिलावटखोरी पर सख्ती: फलों और कोल्ड ड्रिंक के नमूने जांच के लिए भेजे गए

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद में जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में मिलावटखोरी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभागीय टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न फल एवं सब्जी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केला, आम एवं सेब जैसे फलों की गुणवत्ता की गहन जांच करते हुए 3 नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि फलों में कृत्रिम रंगों अथवा प्रतिबंधित राइपिनिंग एजेंट्स का प्रयोग न किया गया हो।

निरीक्षण के साथ-साथ खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक करते हुए सख्त निर्देश दिए गए कि फलों एवं सब्जियों को कृत्रिम रूप से पकाने या आकर्षक बनाने हेतु किसी भी प्रकार के हानिकारक रसायनों का प्रयोग न किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियां उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं और इन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान बेकरी एवं किराना प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। एक बेकरी में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

Ad Ad

इसके अतिरिक्त टीम द्वारा कोल्ड ड्रिंक एवं बिस्कुट के 3 और नमूने भी संग्रहित कर जांच हेतु लैब भेजे गए हैं। इस प्रकार कुल 6 नमूनों की जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी एवं सहायक दिनेश फर्त्याल सहित अन्य शामिल रहे।

Ad Ad