टैक्सी चालक की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान; जांच में जुटी पुलिस
रामनगर/नैनीताल। रामनगर क्षेत्र में एक 26 वर्षीय टैक्सी चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव एक महिला के घर के बरामदे में अचेत अवस्था में मिला था। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टांडा मल्लू निवासी 26 वर्षीय रवि सैनी, पुत्र दुर्गा सैनी, टैक्सी चालक था। बताया गया कि शुक्रवार सुबह रवि टांडा मल्लू निवासी एक महिला के घर गया था। रात में महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी कि रवि उसके घर के बरामदे में अचेत अवस्था में पड़ा है। जानकारी मिलते ही रवि के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए रामनगर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार रवि के हाथ-पैर पर कट के निशान मिले हैं। वहीं गर्दन पर भी किसी नुकीली वस्तु से चोट लगने के निशान बताए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों के चलते युवक की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है।
हालांकि मौत की वास्तविक वजह क्या है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बताया गया कि रवि दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

