अल्मोड़ाक्राइमनवीनतम

दो दिन से लापता युवक का रामगंगा नदी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा/चौखुटिया। चौखुटिया क्षेत्र के कन्हौणी गांव निवासी हेमंत बिष्ट उर्फ चाली का शव भिकियासैंण के पास रामगंगा नदी से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। हेमंत पिछले दो दिनों से लापता थे और परिजन व ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे थे। युवक का शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार हेमंत बिष्ट दो दिनों से लापता थे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी दौरान भिकियासैंण के पास रामगंगा नदी में उनका शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की आवश्यक जांच भी शुरू कर दी गई है।

Ad Ad

बताया गया कि हेमंत अविवाहित थे और अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे। परिवार पहले ही पिता और बड़े भाई को खो चुका है। ऐसे में हेमंत की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

हेमंत का शव नदी से बरामद होने के बाद उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस जांच के दौरान कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। थानाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।