चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : बरसात से पहले बाढ़ सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर निर्माणाधीन 954 मीटर सुरक्षा दीवार का लिया जायजा, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए निर्देश

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को टनकपुर क्षेत्र के छीनीगोठ स्थित हुड्डी नदी में संचालित बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक कार्यों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि संभावित वर्षा को देखते हुए अतिरिक्त मशीनरी एवं मानव संसाधन तैनात कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बाढ़ से सुरक्षित रखा जा सके।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन 954 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निरीक्षण करते हुए इसे पांच भागों में विभाजित कर पांच अलग-अलग टीमों के माध्यम से समानांतर रूप से कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी टीमों द्वारा एक साथ कार्य किए जाने से निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से संबंधित हैं, इसलिए प्रत्येक चरण में तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं सतत पर्यवेक्षण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग मनोज तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टनकपुर ऋषभ उनियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad Ad