टनकपुर : ग्रामीणों ने शारदा रेंज कार्यालय पर किया प्रदर्शन, हाथियों के खौफ से निजात दिलाने की मांग
टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि मार्ग पर स्थित उचौलीगौठ और गैडाखाली गांव में जंगली हाथियों का खौफ बना हुआ है। इससे निजात दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शारदा रेंज कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने इस संबंध का ज्ञापन भी वनाधिकारी को सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि गांवों में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से उचौलीगोठ एवं गैडाखाली में हाथी ने उत्पात मचा रखा है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ वह आवासीय मकानों पर भी हमला कर रहा है। हाथी से ग्रामीणों और पूर्णागिरी श्रद्धालु की सुरक्षा को भी खतरा है। आरोप लगाया गया कि वन विभाग हाथी के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।


साथ ही जगह-जगह खराब पड़ी सोलर फेंसिंग को भी दुरुस्त नहीं किया गया है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर हाथी का आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन में गांव की ओर पत्थरों की ऊंची दीवार बनाने, पूर्णागिरि मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों को साफ करने की मांग की गई है। प्रदर्शन करने वालों में त्रिलोक सिंह बोहरा, गणेश सिंह महर, आनंद महर, गीता चंद, जानकी महर, अनीता देवी, गोदावरी देवी, तुलसी देवी आदि शामिल रहीं।


