उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

उत्तराखंड : सड़क पर दौड़ती थार में लगी भयानक आग, चार युवकों ने कूदकर बचाई अपनी जान

Ad
ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक सड़क पर दौड़ती थार गाड़ी में आग लग गई। थार में चार युवक सवार थे, जिन्होंने कूद कर अपनी जान बचाई। वहीं, देखते ही देखते थार आग का गोला बन गई। जबकि, थार में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची। जहां आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे के आसपास का है। रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 105 पर थार गाड़ी में आग लग गई। बताया जा रहा है कि चार युवक अपने दोस्त का जन्मदिन मना कर थार से हल्दूचौड़ कॉलेज लौट रहे थे। तभी अचानक थार में आग लग गई। जब तक वो कुछ समझ पाते, तब तक आग ने गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

Ad

वहीं, थार में लगी आग की घटना को देखने के लिए सड़क पर लोगों का जमावड़ा लग गया। इसी बीच किसी ने आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। जिसके बाद अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और थार पर लगी आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक टीम ने आग पर काबू पाया, तब तक थार बुरी तरह जल चुकी थी। हादसे के वक्त थार में चार युवक सवार थे, जो समय रहते नीचे उतर गए।

थार चालक जसन सिंह ने बताया कि वो अपने दोस्तों के साथ एक दोस्त का बर्थडे मनाने करताल हवेली गया था। जहां से दोस्त का बर्थडे मनाकर वापस हल्दूचौड़ कॉलेज जा रहे थे। जैसे ही वो मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर के पास पहुंचे, वैसे ही गाड़ी के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा। जब तक वो कुछ समझ पाते, तब तक गाड़ी के बोनट से आग की तेज लपटें उठने लगी।

जैसे तैसे उन्होंने कार से कूद कर अपनी जान बचाई। साथ ही कार में रखा सामान बाहर निकाल कर अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने एक फायर टेंडर से आधे घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन थार तब तक जल गया था। बताया जा रहा है कि थार चालक लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। उसने साल 2021 में थार गाड़ी खरीदी थी। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त वो 40 से 50 की स्पीड में चल रहे थे।