चंपावतटनकपुरनवीनतम

गड्ढों में दफन था जंगल का सच, वन विभाग ने खोला अवैध कारोबार का राज; टनकपुर में लाखों की अवैध बेशकीमती लकड़ी बरामद

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। शारदा रेंज टनकपुर के अंतर्गत वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लकड़ी टाल से लाखों रुपये की अवैध बेशकीमती लकड़ी का जखीरा बरामद किया है। वन माफियाओं ने वन विभाग की नजरों से बचने के लिए इस अवैध खेप को जमीन खोदकर गड्ढों में दफन किया था और ऊपर से कूड़े के ढेरों से छिपा रखा था। तराई पूर्वी वन प्रभाग के डीएफओ कुंदन कुमार के सख्त निर्देशों पर वन विभाग की टीम ने इस ठिकाने पर औचक छापा मारा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर स्थिति को देखते हुए एक सघन सर्च अभियान चलाया गया, जो देर रात तक लगभग 6 घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। वन विभाग की इस बड़ी और अचानक हुई कार्रवाई की भनक लगते ही टाल स्वामी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कूड़े के ढेर और जमीन के नीचे से लाखों रुपये मूल्य की बेशकीमती लकड़ी बरामद कर उसे अपने कब्जे में ले लिया है। इस बड़ी बरामदगी के बाद वन माफियाओं पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है, हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान आना बाकी है।

Ad Ad