अल्मोड़ाक्राइमनवीनतम

घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या पति फरार क्षेत्र में हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। जनपद के सल्ट विकासखंड की खुमाड़ ग्रामसभा में गुरुवार रात एक युवा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद के दौरान पति पर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

Ad Ad

सूचना मिलने पर सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। शुक्रवार सुबह रानीखेत से क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी गांव पहुंचे और जांच की प्रगति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को हत्या के एंगल से देखते हुए जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार आबिद अली भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा।
घटना के बाद खुमाड़ ग्राम सभा में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक युवा महिला की इस तरह हुई मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Ad Ad