उत्तराखण्डनवीनतम

घर से लापता हुई महिला उठाने जा रही थी खौफनाक कदम, तभी पुलिस ने बचाया…

ख़बर शेयर करें -

थराली/रुद्रप्रयाग। चमोली पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक महिला की जान बच गई। थाना थराली क्षेत्र की एक महिला, जो बीते एक दिन से घर से लापता थी, उसे पुलिस ने पिंडर नदी किनारे से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार थाना थराली क्षेत्र की एक महिला 11 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई थी, जिसकी जानकारी ग्वालदम चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह ने कोतवाली कर्णप्रयाग को दी। गुरुवार को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। इस दौरान महिला का व्हाट्सएप एक अन्य मोबाइल फोन में लॉगिन होने के कारण परिजनों को ऐसे संदेश प्राप्त हुए, जिससे लग रहा था कि वो कोई खौफनाक कदम उठा सकती है। ऐसी जानकारी मिलते ही पुलिस भी एक्टिव हुई।

Ad Ad

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला की मदद से महिला की मोबाइल लोकेशन को लगातार ट्रैक किया गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस टीमों ने संभावित क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया, वाहनों की सघन चेकिंग की। साथ ही पुलिस ने नदी किनारों पर भी तलाश शुरू कर दी।

लगातार प्रयासों के बाद महिला की लोकेशन सिमली क्षेत्र के पड़ूली गांव के नीचे पिंडर नदी किनारे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला अकेले बैठी रो रही थी और गहरे मानसिक तनाव में दिखाई दी। स्थिति को भांपते हुए पुलिस कर्मियों ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ महिला से संवाद स्थापित किया। काफी देर तक समझाइश और काउंसलिंग के बाद महिला को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। पुलिस के सकारात्मक प्रयासों का असर हुआ और महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का इरादा छोड़ दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित कोतवाली कर्णप्रयाग लाया गया, जहां आवश्यक काउंसलिंग बाद पुलिस ने महिला को परिजनों से सुपुर्द कर दिया।