अल्मोड़ानवीनतम

अल्मोड़ा : तल्ला सल्ट में बाघ ने ग्रामीण को मौत के घाट उतारा, 15 दिन में दूसरी घटना से दहशत

ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा जनपद के तल्ला सल्ट क्षेत्र से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्रामसभा तड़म (बोरड़ा) निवासी 53 वर्षीय महिपाल सिंह मेहरा को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। यह दर्दनाक घटना Corbett Tiger Reserve से सटे इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल फैल गया है। बताया जा रहा है कि महिपाल सिंह अपने निजी खेत में घास काट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना उस समय हुई जब महिपाल सिंह अपने घर से कुछ दूरी पर खेत में काम कर रहे थे और उनके परिवार के सदस्य भी आसपास मौजूद थे। पत्नी और बच्चों के सामने हुए इस हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तड़म क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के भीतर यह बाघ का दूसरा हमला है। करीब पंद्रह दिन पहले भी बाघ ने एक अन्य व्यक्ति को अपना शिकार बनाया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। यह घटना रामनगर से मोहान मार्ग पर कुमेरिया के पास हुई। मृतक महिपाल सिंह मेहरा बौरड़ा तोक, तड़म ग्राम (सल्ट क्षेत्र) के निवासी थे। क्षेत्र में लोगों ने आवाजाही कम कर दी है और डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ ट्रैंक्विलाइज (बेहोश कर पकड़ने) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीम लगातार गश्त कर रही है और संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Ad Ad

ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हाल ही में विभाग ने एक गुलदार को पकड़कर खानापूर्ति कर ली, जबकि क्षेत्र में सक्रिय हमलावर बाघ है जो लगातार इंसानों पर हमला कर रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि हमलावर बाघ को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रशासन ने क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजने, जंगल या सुनसान इलाकों में अकेले जाने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने को कहा गया है। फिलहाल पूरे तल्ला सल्ट और आसपास के इलाकों में डर का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रहे हमलों ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है और अब सभी की नजरें वन विभाग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Ad Ad