अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चम्पावत विलेज फाउंडेशन की अनूठी पहल, तीन स्थानों पर लगे योग शिविर; 500 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग
चम्पावत/टनकपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चम्पावत विलेज फाउंडेशन ने स्वास्थ्य और निरोगी जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया। श्यामलाताल, सूखीढांग और तल्लियाबांज में आयोजित इन शिविरों में स्कूली बच्चों, युवाओं और स्थानीय लोगों सहित 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।



विवेकानंद आश्रम श्यामलाताल, राजकीय इंटर कॉलेज सूखीढांग तथा राजकीय इंटर कॉलेज तल्लियाबांज में आयोजित योग शिविरों में प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवनशैली का संदेश भी दिया गया। फाउंडेशन की ओर से शिविर में शामिल स्कूली बच्चों और अन्य प्रतिभागियों को विशेष योग टी-शर्ट वितरित की गईं। साथ ही सभी के लिए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की। तीनों केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में सामूहिक योगाभ्यास के दौरान अनुशासन, उत्साह और सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि को दर्शाया।
चम्पावत विलेज फाउंडेशन के अध्यक्ष जीवन चंद्र जोशी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।फाउंडेशन की इस पहल को क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिला और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।



