जर्मनी में नर्स बनी उत्तराखंड की बेटी, 3.30 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन पर मिली नौकरी
सामने आने लगे मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के सकारात्मक परिणाम
देहरादून। उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। टिहरी गढ़वाल की रहने वाली सपना राणा ने जर्मन भाषा प्रशिक्षण प्राप्त कर जर्मनी के हैम्बर्ग शहर स्थित Schon Klinik में नर्स के रूप में नौकरी हासिल की है। उन्हें 3060 यूरो (करीब 3.30 लाख रुपये) प्रतिमाह वेतन पर नियुक्ति मिली है।
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में सपना राणा ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा युवाओं को जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है। कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए युवाओं को जर्मन भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण का लाभ लेकर टिहरी गढ़वाल की प्रशिक्षित नर्स सपना राणा का चयन जर्मनी में हुआ है।
सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा Jawahar Navodaya Vidyalaya Paukhal से तथा नर्सिंग की पढ़ाई State Nursing College Dehradun से पूरी की है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें जर्मनी में नियुक्ति मिली है। इस अवसर पर सचिव C. Ravishankar भी उपस्थित रहे।

