नवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी की रेणु धरियाल ने रचा इतिहास, 8 फीट 10 इंच लंबे बालों से बनाया Guinness World Record

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले की हल्द्वानी निवासी रेणु धरियाल ने अपने असाधारण रूप से लंबे बालों के दम पर दुनियाभर में पहचान बनाई है। रेणु के बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर यानी करीब 8 फीट 10 इंच दर्ज की गई है। इसी के साथ उन्होंने किसी जीवित महिला के सबसे लंबे बालों का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

रेणु ने यह उपलब्धि यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का पिछला रिकॉर्ड तोड़कर हासिल की है। आलिया के बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी। रेणु के बाल इससे करीब 14 सेंटीमीटर अधिक लंबे हैं। रेणु के रिकॉर्ड की पुष्टि अप्रैल में हुई। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम हल्द्वानी पहुंची और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके बालों की लंबाई मापी। माप के दौरान बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर दर्ज की गई, जिसके बाद उनके नाम नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

Ad Ad

इस विश्व रिकॉर्ड के पीछे रेणु की वर्षों की मेहनत और धैर्य है। उन्होंने 2015 से अपने बालों को लगातार बढ़ाना शुरू किया था। इतने लंबे बालों को संभालना आसान नहीं है। रेणु विशेष तरीके से बालों की चोटी बनाती हैं, ताकि बाल जमीन से दूर रहें और उन्हें संभालना आसान हो। बालों को धोने, सुखाने और सुलझाने में उन्हें कई घंटे लगते हैं। लंबे बालों की नियमित देखभाल के लिए रेणु ने अपनी दिनचर्या में भी विशेष बदलाव किए हैं।

रेणु लंबे बालों को महज खूबसूरती का हिस्सा नहीं मानतीं। वह इन्हें भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़कर देखती हैं। उनका कहना है कि इसी सोच ने उन्हें वर्षों तक बालों को बढ़ाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया। रेणु एक कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं। वह सोशल मीडिया के माध्यम से बालों की देखभाल से जुड़े अपने अनुभव और ब्यूटी टिप्स लोगों के साथ साझा करती हैं। रेणु धरियाल की उपलब्धि ने हल्द्वानी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। वर्षों तक बालों की देखभाल और उन्हें बढ़ाने की उनकी मेहनत अब विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी है। 271.50 सेंटीमीटर लंबे बालों के साथ रेणु धरियाल अब किसी जीवित महिला के सबसे लंबे बालों का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली महिला बन गई हैं।