युवक को पिता की पुलिस वर्दी का रौब दिखाना पड़ा भारी, वाहन किया सीज
युवक टोल टैक्स और पार्किंग से बचने के लिए अपने पिता की वर्दी का रौब दिखाता था, जिसके बाद पुलिस ने सख्त एक्शन लिया

मसूरी। मसूरी पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक नशे की हालत में वाहन चलाता भी मिला, जिसके बाद पुलिस ने वाहन सीज कर विधिक कार्रवाई की।
मसूरी पुलिस के मुताबिक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर एक वैगनआर कार संख्या यूपी-15-डीजेड-2906 आती दिखाई दी। पुलिस को कार के डैशबोर्ड पर रखी उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे टंगी उपनिरीक्षक की वर्दी देखकर संदेह हुआ। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो चालक की पहचान विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। जांच में वह नशे की हालत में वाहन चलाता पाया गया। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और टोल टैक्स, पार्किंग तथा अन्य जगहों पर पुलिसकर्मी होने का फायदा लेने के उद्देश्य से वह अपने साथ पुलिस वर्दी और पी-कैप लेकर चल रहा था।
युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन नियमों के उल्लंघन और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। अभियान के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की और मौके पर फिल्म उतरवाई। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए गए तथा वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।

