क्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून में कुत्तों की लड़ाई बनी खूनी विवाद की वजह, एएसआई और बेटे पर हमला, 11 लोगों पर मुकदमा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में कुत्तों की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। 6 नंबर पुलिया स्थित आदर्श कॉलोनी में हुए विवाद में चमोली में तैनात एक एएसआई और उनके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि लाठी-डंडों और धारदार हथियार से किए गए हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पलटन बाजार निवासी एएसआई नवीन भारद्वाज ने शिकायत में बताया कि 2 जुलाई को वह अपने पोते के मुंडन समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ आदर्श कॉलोनी गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह अपने पालतू कुत्ते को चेन से बांधकर कार की ओर जा रहे थे, तभी धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट का पिटबुल नस्ल का कुत्ता गेट से बाहर निकल आया और उनके कुत्ते पर झपट पड़ा।

Ad Ad

शिकायत के मुताबिक, बड़ी मुश्किल से दोनों कुत्तों को अलग किया गया। इस दौरान एएसआई के बेटे ने पिटबुल को बांधकर रखने की बात कही, जिस पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट और उनके परिजन लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार लेकर बाहर आए और हमला कर दिया। हमले में एएसआई नवीन भारद्वाज के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह बेहोश हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके बेटे के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी परिवार के साथ मारपीट की। घटना के बाद घायल पिता-पुत्र को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि एएसआई नवीन भारद्वाज की तहरीर के आधार पर धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट, उनके बेटे, अंकित, बंटी, अंजलि, भाई महेंद्र भट्ट, पत्नी समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।