हल्द्वानी में रॉन्ग साइड से आ रहे पिकअप से भिड़ी बाइक, युवक की मौत
डेढ़ घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा घायल, मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग; एक साल का बेटा हुआ अनाथ
हल्द्वानी। हल्द्वानी-लालकुआं नेशनल हाईवे पर मोतीनगर चौराहे के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कट पार करते समय बाइक की गलत दिशा से आ रहे छोटा हाथी वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन आरोप है कि घायल की मदद करने के बजाय कई लोग उसका वीडियो बनाते रहे। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लालकुआं के वार्ड नंबर-5 सुभाष नगर निवासी 28 वर्षीय रहीम खान बाइक से जा रहे थे। गुरुवार देर शाम मोतीनगर चौराहे के पास कट पार करते समय उनकी बाइक की गलत दिशा से आ रहे पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में रहीम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायल युवक करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा। ग्राम प्रधान रमेश जोशी को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने में देरी हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद हल्दूचौड़ पुलिस चौकी की टीम घायल को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रहीम खान पेशे से मोटर मिस्त्री थे। बताया गया कि पिछले वर्ष प्रसव के दौरान उनकी पत्नी की भी मौत हो गई थी। अब रहीम की मौत के बाद उनका एक साल का बेटा भी अनाथ हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने एक बार फिर सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों को तत्काल मदद उपलब्ध कराने और गोल्डन ऑवर में उपचार सुनिश्चित करने की जरूरत को सामने ला दिया है।

