चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

एनएच पर गड्ढों का जिलाधिकारी ने लिया त्वरित संज्ञान, देर रात तक चला मरम्मत कार्य

ख़बर शेयर करें -

बारिश से क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल गड्ढा भरान, मौसम खुलते ही होगा स्थायी पैचवर्क और ब्लैकटॉप

चम्पावत। प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के कारण बने गड्ढों का त्वरित संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एनएच की टीम ने देर रात तक विभिन्न स्थानों पर गड्ढों का भरान कर सड़क को दुरुस्त किया, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले की अन्य सड़कों पर जहां भी गड्ढे अथवा क्षतिग्रस्त हिस्से सामने आएं, वहां बिना देरी के आवश्यक मरम्मत की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सड़कों की नियमित निगरानी करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्सों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता ने बताया कि लगातार बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को फिलहाल तात्कालिक रूप से भरकर दुरुस्त किया जा रहा है। मौसम साफ होने और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद संबंधित स्थानों पर स्थायी पैचवर्क एवं ब्लैकटॉप कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सड़क क्षतिग्रस्त होने अथवा गड्ढे बनने की सूचना मिलने पर टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।