उत्तराखण्डटिहरीदेहरादूननवीनतमहादसा

देवप्रयाग बंजी जंपिंग के बाद देहरादून के युवक की मौत, कार्डियक अटैक की आशंका

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में रोमांचक खेल बंजी जंपिंग एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। धारी देवी के दर्शन कर लौट रहे देहरादून के एक 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग करने के कुछ समय बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। युवक ने सीने और पेट में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धारी देवी दर्शन के बाद घर लौट रहा परिवार इस दर्दनाक घटना से सदमे में है। एक रोमांचक गतिविधि के दौरान अचानक हुई युवक की मौत ने परिजनों को गहरे शोक में डाल दिया है। क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है और लोग युवक की असमय मौत पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार देहरादून के शांति विहार, कौलागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी का 21 वर्षीय पुत्र लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान टिहरी जनपद के मोल्यागांव क्षेत्र में अलकनंदा नदी के ऊपर संचालित एक बंजी जंपिंग प्वाइंट पर पहुंचने के बाद लक्ष्य ने बंजी जंपिंग करने की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति मिलने पर उसने बंजी जंपिंग की।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बंजी जंपिंग पूरी करने और ऊपर लौटने के कुछ ही समय बाद लक्ष्य ने अचानक पेट और सीने में तेज दर्द की शिकायत की। इसके साथ ही उसे सांस लेने में भी गंभीर परेशानी होने लगी। युवक की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने पास स्थित रामकुंड लॉज में एक कमरा लिया, ताकि उसे आराम मिल सके।

Ad Ad

हालांकि थोड़ी ही देर में दर्द असहनीय हो गया और लक्ष्य बेहोश हो गया। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी (पाली क्षेत्र) लेकर पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आकाश दीप ने बताया कि रात करीब नौ बजे युवक को अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान उसकी पल्स नहीं चल रही थी। चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उसे बचाने के प्रयास किए और सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन शरीर में किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिली।

चिकित्सालय के डॉक्टर अमर दीप ने परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि युवक को बंजी जंपिंग के तुरंत बाद पेट में दर्द और सांस लेने में भारी दिक्कत शुरू हो गई थी। प्रारंभिक चिकित्सीय आकलन में मौत का कारण सिंकोप अटैक (अचानक बेहोशी या हृदय गति रुकना) अथवा कार्डियक स्ट्रोक माना जा रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना को लेकर फिलहाल पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत या सूचना नहीं पहुंची है। ऐसे में मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के निर्णय के आधार पर की जा सकती है।