चम्पावत में अपराध नियंत्रण पर फोकस: एसपी रेखा यादव ने पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान या वर्दी में कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया के लिए वीडियो नहीं बनाएगा
चम्पावत। जनपद में अपराधियों पर नकेल कसने और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से मंगलवार 16 जून को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुलिस लाइन चम्पावत में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में जिले के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। गोष्ठी की शुरुआत में एसपी रेखा यादव ने पिछले माह दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत, पारिवारिक और सेवा संबंधी समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। ड्यूटी के दौरान सराहनीय कार्य करने वाली उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या को “बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ मई-2026” घोषित किया गया। उनके साथ 21 अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि राहगीर योजना को लेकर आम जनता में जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि लोग योजना के लाभ समझ सकें। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान या वर्दी में कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया के लिए वीडियो नहीं बनाएगा।

प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत TMS Requests का समयबद्ध सत्यापन करने को कहा गया जिससे सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मुफ्त इलाज मिल सके। NBW और BW की शत-प्रतिशत तामील के लिए विशेष अभियान चलाने, Net Grip अभियान के तहत संदिग्धों का सत्यापन तेज करने और FSL में लंबित मालों के शीघ्र परीक्षण के लिए पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए। बीट कर्मचारियों को E-Beat Book एप्लीकेशन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सभी सूचनाएं ऑनलाइन अपलोड करने को कहा गया। बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों की जांच, यातायात नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई बढ़ाने और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर सुरागरसी पतारसी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी गोष्ठी में दिए गए।
साइबर अपराधों को लेकर एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत मुकदमा दर्ज कर विवेचना और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सभी ऑनलाइन पोर्टलों पर शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गोष्ठी के अंत में एसपी रेखा यादव ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और जनता का भरोसा बढ़ाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी से काम करें।

