देहरादूननवीनतमहादसा

देहरादून में पुलिसकर्मी की कार की चपेट में आने से युवक गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -

तिलक रोड पर हादसा, सिर में आई गंभीर चोट; मैक्स अस्पताल में चल रहा उपचार

देहरादून। नगर कोतवाली क्षेत्र के तिलक रोड पर सोमवार सुबह एक युवक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गया। हाथीबड़कला पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मी सुरेंद्र मेहरा की कार की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसका उपचार मैक्स अस्पताल में करा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चुक्खू मोहल्ला निवासी सुरेश कुमार तिलक रोड स्थित एक दुकान पर इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। सोमवार सुबह वह दुकान के सामने कार साफ कर रहा था। इसी दौरान हाथीबड़कला चौकी में तैनात पुलिसकर्मी सुरेंद्र मेहरा अपनी कार से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सुरेश कार की चपेट में आ गया।

Ad Ad

हादसा इतना गंभीर था कि युवक कार के साथ सड़क पर काफी दूर तक घसीटता चला गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे मैक्स अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद उसके ब्रेन डेड होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि फिलहाल उसका मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। उधर, पीड़ित परिवार की ओर से नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि शिकायत पत्र के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और सामने आए आरोपों की जांच कर रही है। हाथीबड़कला चौकी में तैनात पुलिसकर्मी सुरेंद्र मेहरा के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और घटना के लिए जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।