चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : जनता मिलन में 133 शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

पेयजल, सड़क और आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश; ढकना के होशियार सिंह को मौके पर मिली छड़ी

चम्पावत। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 133 आवेदन प्राप्त हुए।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए। जनता मिलन में सोलर लाइट, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ व चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन, सड़क और पेयजल से संबंधित मामले प्रमुखता से उठे।

मौके पर मिली छड़ी, उपचार और राहत सहायता के निर्देश

जनता मिलन के दौरान ग्राम ढकना निवासी होशियार सिंह को समाज कल्याण विभाग की ओर से मौके पर ही छड़ी उपलब्ध कराई गई। उनकी समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम लोहाघाट को मुख्यमंत्री राहत कोष से नियमानुसार आवश्यक सहायता दिलाने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को उनके उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत सल्ली की संगीता रावत ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की नियुक्ति की मांग रखी। वहीं अष्टा बिसराड़ी के नवीन चंद्र ने भू-कटाव रोकने के लिए चेकडैम निर्माण, ढकना के जोगाराम ने तारबाड़, डूंगरासेठी की सुनीता मेहता ने सोलर लाइट और बिसौन बाजरीकोट के नरेंद्र सिंह बोहरा ने सोलर लाइट व तारबाड़ की मांग रखी। तल्ला बापरू के पुष्कर सिंह बिष्ट ने जन्मतिथि में संशोधन से संबंधित प्रकरण रखा। इसके अलावा ग्राम सभा मुड़ियानी के किस्कोट में संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने और बाजरीकोट के पतलीखेत तोक में पेयजल टैंक खराब होने की समस्या भी सामने आई।

पेयजल और सड़क के मामलों को प्राथमिकता

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पेयजल, सड़क तथा दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे जुड़े मामलों में अधिकारी जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करें।

उन्होंने अधिकारियों को जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों पर नियमित अनुश्रवण करने और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, एएमए जिला पंचायत अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।