अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान पिथौरागढ़ के जवान ललित जोशी का निधन
पुलिस सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि; 19 साल तक अरुणाचल प्रदेश पुलिस में दी सेवाएं
पिथौरागढ़। अरुणाचल प्रदेश पुलिस में तैनात पिथौरागढ़ जिले के थल क्षेत्र निवासी सिपाही ललित प्रसाद जोशी का निधन हो गया। 39 वर्षीय ललित जोशी के निधन की खबर से उनके पैतृक गांव बत्यूली सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सोमवार को रामगंगा नदी के त्रिवेणी घाट पर उनका पूरे पुलिस एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस की विशेष टुकड़ी ने दिवंगत जवान को सशस्त्र गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुलिसकर्मी और क्षेत्र के लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। माहौल उस समय बेहद भावुक हो गया, जब ललित जोशी के बड़े भाई कमल किशोर जोशी ने उन्हें मुखाग्नि दी।
परिजनों के अनुसार ललित प्रसाद जोशी अरुणाचल प्रदेश पुलिस की आईआरबी की तीसरी बटालियन में तैनात थे और ईटानगर में ड्यूटी कर रहे थे। करीब दो दिन पहले ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
ललित जोशी ने करीब 19 वर्ष पहले अरुणाचल प्रदेश पुलिस में भर्ती होकर अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। लंबे समय तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाले ललित को परिचित कर्तव्यनिष्ठ, व्यवहारकुशल और मिलनसार जवान के रूप में याद करते हैं। उनके निधन की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक छा गया।
ललित प्रसाद जोशी अपने पीछे पत्नी बबीता जोशी और बेटे धैर्य जोशी को छोड़ गए हैं। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी, बेटे और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी।
त्रिवेणी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान क्षेत्रवासियों ने ललित जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दीपक जोशी, जीवन बोरा, प्रवीण बोरा, प्रदीप जोशी, नवीन जोशी, विपिन जोशी, प्रेम प्रकाश जोशी और धर्म सिंह बोरा समेत कई लोगों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

