Friday, October 25, 2024
Latest:
चंपावतटनकपुर

टनकपुर नगर क्षेत्र के 365 लीज पट्टों का होगा नवीनीकरण, पालिका बोर्ड बैठक में लिया गया निर्णय

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। शनिवार को नगर पालिका परिषद की बैठक का आयोजन किया गया। पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता एवं ईओ भूपेन्द्र प्रकाश जोशी के संचालन में संपन्न हुई बैठक में जनहित के कई प्रस्ताव सर्वसहमति से पारित किये गये। पालिका बोर्ड की बैठक में डेंगू मलेरिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुये विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सफाई अभियान की मॉनीटरिंग के लिए पालिका के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा के नेतृत्व में कीटनाशक दवाईयों के छिड़काव/फोगिंग को कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में पालिका की अनुराधा यादव, हेमंत टंडन, प्रिया बिष्ट को सदस्य बनाया गया। यह टीम नगर क्षेत्र में वार्ड के अनुसार दवा छिड़काव एवं फोगिंग का कार्य की देखरेख करेगी।

बैठक में पालिका कर्मियों के लिए चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कर्मचारियों को देने पर सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया। दीपावली के अवसर पर मुख्य चौराहे पर स्वागत द्वार एवं बाजार की सजावटी लाईटों से सजावट करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही महिला समूह का तेजी से गठन करने एवं सी०एल०सी० केन्द्र का संचालन एवं सी०एल०सी० केन्द्र में महिला समूह के उत्पाद बिक्री कर महिला समूह को अधिक से अधिक लाभ हेतु प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। नये वार्डों में पथ-प्रकाश हेतु स्ट्रीट लाईटों का विस्तारीकरण करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बोर्ड बैठक में नगर क्षेत्र के 365 लीज पट्टों का नवीनीकरण एवं नगर क्षेत्र के अन्य वार्डों की भूमि का विनिमितिकरण तथा तहसील से नगर क्षेत्र की समस्त भूमि के अभिलेख नगर पालिका को स्थांतरित करने पर सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में सभासद हसीब अहमद, कपिल उप्रेती, योगेश पांडेय, रईस अहमद, पूजा टम्टा, सविता बिष्ट, तुलसी कुंवर, केदार दत्त जोशी, मनोनित सभासद एवं पालिका के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा, वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चन्द, वरिष्ठ सहायक विनोद चन्द्र बिष्ट आदि उपस्थित रहे।