चम्पावत : गुरु पूर्णिमा पर महर्षि वाल्मीकि मंदिर में हुआ भव्य आयोजन, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने दिया गुरु परंपरा का संदेश
चम्पावत। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को महर्षि भगवान वाल्मीकि मंदिर, चम्पावत में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद चम्पावत की अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर तथा महर्षि भगवान वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने सभी श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि भगवान वाल्मीकि का जीवन और उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर उन्होंने मानवता को सत्य, धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन का अमूल्य संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में गुरु वंदना, धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने श्रद्धालुओं के बीच फल वितरित कर सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और गुरु वंदना के साथ हुआ।


