चंपावतजनपद चम्पावतधर्मनवीनतम

चम्पावत से बद्रीनाथ धाम के लिए 35 श्रद्धालुओं का दल रवाना

ख़बर शेयर करें -

पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 12 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल

चम्पावत। पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत बुधवार को चम्पावत से वरिष्ठ नागरिकों का पहला दल श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। दल में कुल 35 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 12 महिलाएं और 23 पुरुष हैं। जिला पर्यटन कार्यालय से दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, दायित्वधारी मुकेश महराना और विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होते समय श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 60 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को चयनित धार्मिक स्थलों की निशुल्क तीर्थयात्रा कराई जाती है। योजना के अंतर्गत यात्रा के दौरान परिवहन, भोजन और आवास की व्यवस्था भी की जाती है।

Ad Ad

उन्होंने बताया कि योजना के तहत श्री बद्रीनाथ धाम, श्री गंगोत्री धाम सहित प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, जो विभिन्न कारणों से स्वयं तीर्थयात्रा नहीं कर पाते। दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है। उन्होंने चम्पावत से पहला दल रवाना होने पर श्रद्धालुओं को यात्रा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने भी यात्रा के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के कार्मिक, श्रद्धालु एवं अन्य लोग मौजूद रहे।