37.19 करोड़ की लागत से बन रहा केंद्रीय विद्यालय लोहाघाट, निर्माण अंतिम चरण में
करीब 99 फीसदी काम पूरा, शेष कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश
लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और आदर्श जनपद चम्पावत की परिकल्पना के अनुरूप जनपद में शैक्षणिक अवस्थापना सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में 37 करोड़ 19 लाख 75 हजार रुपये की लागत से केंद्रीय विद्यालय लोहाघाट के भवन का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। विद्यालय भवन का निर्माण कार्य लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि विद्यालय भवन को शीघ्र पूर्ण स्वरूप दिया जा सके।
नए भवन के तैयार होने के बाद केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए निर्धारित कक्षाओं और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं की व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। इससे लोहाघाट और आसपास के क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विद्यालय की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। केंद्रीय विद्यालयों में विशेष रूप से केंद्र सरकार के कर्मचारियों, रक्षा एवं अर्द्धसैनिक बलों तथा अन्य स्थानांतरणीय सेवाओं में कार्यरत कार्मिकों के बच्चों को प्रवेश व्यवस्था के अनुसार शिक्षा का अवसर मिलता है।

विद्यालय भवन के निर्माण की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय भवन के पूरा होने से क्षेत्र में शैक्षणिक अवस्थापना से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण के शेष कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।


