देहरादूननवीनतमहादसा

जाखन नदी में बह रही 12 वर्षीय बच्ची को फौजी और तीन युवकों ने बचाया, टला बड़ा हादसा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून में मंगलवार को जाखन नदी में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब तेज बहाव में बह रही 12 वर्षीय बालिका को छुट्टी पर आए एक फौजी और तीन युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चारों की बहादुरी से बच्ची की जान बच गई, जिसकी ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।

जाखन नदी में मंगलवार को बारिश के बीच एक 12 वर्षीय बालिका तेज बहाव में बहने लगी। जानकारी के अनुसार, बालिका अपने साथियों के साथ नदी का जलस्तर देखने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज धारा में बहने लगी।

Ad Ad

बच्ची को बहता देख मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए फौजी अजय कुमार, निवासी चंडी प्लांटेशन, और आशुतोष, राहुल तथा तुषार (पुत्र प्रेम सिंह), निवासी लालतप्पड़, ग्राम माजरी ग्रांट ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। चारों ने जोखिम उठाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बालिका को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया और बच्ची की जान बच गई।

घटना के बाद ग्राम प्रधान निशा देवी और प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह ने अजय कुमार और उनके साथियों के साहसिक एवं मानवीय कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे बहादुर और संवेदनशील लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ग्रामीणों ने भी चारों युवकों की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।