उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

रुद्रपुर गैंगरेप केस: पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश, दौड़ाकर दबोचे गए आरोपी; गुस्साई भीड़ ने की पिटाई

ख़बर शेयर करें -

क्राइम सीन रिक्रिएशन से लौटते समय हुआ घटनाक्रम, एसएसपी बोले- वाहन खराब होने के दौरान शिफ्टिंग में भागने का किया प्रयास

रुद्रपुर के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस हिरासत में मौजूद दो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दोनों को दोबारा पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अभिरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Ad Ad

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले के दो आरोपियों को मंगलवार को क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए घटनास्थल ले जाया गया था। पुलिस के अनुसार, वापसी के दौरान भारी यातायात के बीच पुलिस वाहन अचानक खराब हो गया। इसके बाद आरोपियों को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी दोनों ने पुलिस की पकड़ से छूटकर भागने का प्रयास किया।

हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इस बीच घटनास्थल पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और भीड़ ने दोनों आरोपियों को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें फांसी देने की मांग भी की।

स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाया और आरोपियों को सुरक्षित वाहन तक पहुंचाकर कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं करती, तो आरोपियों की जान को खतरा हो सकता था। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अभिरक्षा में होने के बावजूद आरोपियों का भागने का प्रयास और भीड़ का उनके करीब पहुंच जाना सुरक्षा में संभावित चूक की ओर इशारा करता है।

उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि दोनों आरोपियों को घटनास्थल से लौटते समय दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था। उसी दौरान उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि भीड़ को भी पुलिस ने नियंत्रित किया और आरोपियों को सकुशल पुलिस स्टेशन लाया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

25 जुलाई को रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोप है कि युवती अपनी एक दोस्त और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी, तभी बाइक सवार तीन आरोपी उन्हें जबरन गदरपुर की ओर ले गए। रास्ते में एक युवक और युवती चलती बाइक से कूदकर बच निकले, जबकि पीड़िता को आरोपी अपने साथ ले गए।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसके साथ पूरी रात सामूहिक दुष्कर्म किया और अगले दिन सुबह उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया और मामला दर्ज किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा आरोपियों की तलाश शुरू की।

27-28 जुलाई की रात पुलिस ने करतारपुर गांव के पास दबिश दी तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गुरबाज के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी गुरबाज पर पहले से 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार को इन्हीं आरोपियों को क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए ले जाया गया था, जहां से लौटते समय पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश और भीड़ द्वारा पिटाई की घटना सामने आई।