रोजगार के लिए गुजरात गए पिथौरागढ़ के युवक को शेर ने बनाया निवाला,परिजनों में मचा कोहराम
पिथौरागढ़। रोजगार के लिए उत्तराखंड के युवा अक्सर अन्य प्रदेशों का रुख करते रहते हैं। कई बार नौकरी के लिए गए लोग हादसों के शिकार हो जाते हैं। ऐसी ही एक दुखद खबर गुजरात से सामने आ रही है। जहां पर रोजगार करने के लिए गए पिथौरागढ़ के युवक की शेर के हमले में जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के गणाई गंगोली क्षेत्र के धारी धुमाकोट गांव निवासी 31 वर्षीय प्रकाश चंद्र भट्ट गुजरात में रहकर नौकरी कर रहे थे। बीते दिन वो काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे तभी जैसे ही वो कोवाया गांव के पास पहुँचे तो अंधेरे में घात लगाए बैठे शेर ने उन पर हमला कर दिया और घसीट कर झाड़ी में लेकर उन्हें मार डाला। घटना की जानकारी जैसे ही प्रकाश के परिजनों को मिली तो उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का कहना है कि प्रकाश का परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा था, जिन्होंने कुछ वर्ष पहले एक बेटे को खो दिया था और अब प्रकाश की मौत ने उनके परिवार को पूरी तरह से तोड़ कर रख दिया है। ग्रामीणों की मानें तो प्रकाश मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे जिनकी मौत की खबर सुनकर गांव में सन्नाटा पसर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए ताकि उनका गुजारा चल सके।

