माँ शिला देवी महोत्सव में लोक संस्कृति का अनूठा संगम, प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूम उठे श्रद्धालु
चम्पावत। रीठासाहिब क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय ‘माँ शिला देवी महोत्सव’ के दूसरे दिन लोक संस्कृति और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। महोत्सव के दूसरे दिन जहाँ प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा, वहीं क्षेत्र की जनता ने भारी संख्या में पहुँचकर माँ के दरबार में हाजिरी लगाई।


सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक फौजी ललित मोहन जोशी और बेबी प्रियंका की टीम रही। कलाकारों ने एक के बाद एक सुपरहिट कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में दर्शकों की फरमाइश पर कलाकारों ने कई लोकप्रिय गीत गाए, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय और रंगारंग हो गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना और पाटी ब्लॉक प्रमुख शंकर अधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। रीठा साहिब क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा ने अतिथियों का स्वागत किया और मेला कमेटी की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा ने कहा, “इस मेले का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों की जनता को एकजुट करना और आपसी प्रेम व सद्भाव को बढ़ावा देना है। व्यस्त जीवन के बीच ऐसे आयोजन लोगों को मानसिक शांति और अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।” महोत्सव के दौरान स्थानीय जनता ने चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रयासों की जमकर तारीफ की। ग्रामीणों का कहना था कि जिले में पहली बार ऐसे अधिकारी आए हैं, जो गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुंचा रहे हैं। जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में ही इतने भव्य आयोजन सफल हो पा रहे हैं।

वहीं, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना ने भी कमेटी को भविष्य में हर संभव सहयोग देने और महोत्सव को और अधिक व्यापक रूप देने का आश्वासन दिया। आज, 2 मई 2026 को महोत्सव का समापन दिवस है। मेला कमेटी और स्थानीय प्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि समापन के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर माँ शिला देवी के दर्शन करें और प्रसाद ग्रहण कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करें।




