चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर जिलाधिकारी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पंत जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि उत्तराखण्ड की धरती पर जन्मे पं. गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ स्वतंत्र भारत के निर्माण और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जनकल्याण, सामाजिक न्याय और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि पंत जी का पूरा जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी सभी को ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी सभागार में डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जीवनी भी दिखाई गई।

Ad Ad

जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश बनाए रखने में सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।