उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, पत्नी समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक युवक की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, सास, ससुर और एक अन्य युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि उसके बड़े भाई कपिल उर्फ शेरू ने 10 मई 2026 की शाम कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। तहरीर में कहा गया है कि कपिल का प्रेम विवाह 10 सितंबर 2021 को रुद्रपुर के आनंद विहार निवासी एक युवती से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के संबंधों में तनाव रहने लगा और पत्नी तथा उसके परिजन कपिल को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

Ad Ad

पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप

मृतक के भाई के अनुसार, आत्महत्या से करीब एक घंटे पहले कपिल ने अपने भाई और बहन से फोन पर बातचीत कर अपनी मानसिक स्थिति के बारे में बताया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कपिल ने अपनी पत्नी के रमन नामक युवक के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात कही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी, सास, ससुर और उक्त युवक लगातार कपिल पर मानसिक दबाव बनाते थे। उसे अपमानित किया जाता था और बदनाम करने की धमकियां दी जाती थीं, जिसके चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। शिकायत के अनुसार, इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

कार्रवाई में देरी का भी किया उल्लेख

शिकायतकर्ता ने बताया कि अंतिम संस्कार और धार्मिक क्रियाकर्म में व्यस्त रहने के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी। बाद में रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।