नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी में नशे में धुत कार चालक का कहर, चार लोगों को रौंदा; महिला की हालत गंभीर

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी-कालाढूंगी रोड पर रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने अफरा-तफरी मचा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे में धुत चालक ने अनियंत्रित कार से अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे मुखानी निवासी पंकज कथित रूप से शराब के नशे में कार चलाते हुए ऊंचापुल की ओर से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा रहा था और उसने मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

Ad Ad


पहली टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका। कार आगे बढ़ती रही और जेल रोड तिराहे से आगे कालू सिद्ध मंदिर के पास सड़क किनारे जा रही एक महिला को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

लगातार लोगों को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कुछ दूरी पर जाकर कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वहीं रुक गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कार चालक को बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर कोतवाल विजय मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सीज कर दिया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और घायलों के बयान सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय चालक नशे की किस स्थिति में था और उसके खिलाफ किन धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार नहीं रुकती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।