चम्पावत : पेट्रोल पंपों पर प्रशासन की छापेमारी, घटतौली और मिलावट की जांच
पेट्रोलियम पदार्थों की गुणवत्ता, माप-तोल और कालाबाजारी रोकने के लिए संयुक्त टीम ने की सघन चेकिंग
चम्पावत। पेट्रोलियम पदार्थों की गुणवत्ता, माप-तोल में पारदर्शिता और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जनपद में प्रशासन ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर पूर्ति विभाग, विधिक माप विज्ञान (बाट-माप) विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न पेट्रोल पंपों एवं ईंधन बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान टीम ने पेट्रोल-डीजल में मिलावट, घटतौली, अवैध भंडारण और जमाखोरी की संभावनाओं की जांच की। पेट्रोल पंपों पर स्थापित डिस्पेंसिंग यूनिटों की तकनीकी जांच के साथ ईंधन की गुणवत्ता और घनत्व (डेंसिटी) का भी परीक्षण किया गया। विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने मापक यंत्रों की प्रमाणिकता और उनकी सीलिंग की स्थिति की जांच की। वहीं पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप परिसरों में सुरक्षा मानकों और कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पूर्ति विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और निष्पक्ष सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान के दौरान पूर्ति निरीक्षक, पुलिस, राजस्व तथा विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

