चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमशिक्षा

लोहाघाट में 7 और 8 अक्टूबर को होगी जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता

ख़बर शेयर करें -

ब्लॉक स्तर पर प्रथम-द्वितीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी लेंगे हिस्सा, विजेताओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

लोहाघाट/चम्पावत। संस्कृत भाषा के संवर्धन और छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चम्पावत जिले में दो दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 7 और 8 अक्टूबर को अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), लोहाघाट में होगी। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Ad Ad

जनपद संयोजक वेद प्रकाश पंत ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के चारों विकासखंडों से ब्लॉक स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन 7 अक्टूबर को कनिष्ठ वर्ग के प्रतिभागियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 8 अक्टूबर को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।

उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। पंत ने कहा कि संस्कृत भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को भव्य, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विद्यालय स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।