चम्पावत : सेवा पखवाड़ा के तहत दूरस्थ बिनवाल गांव पहुंचा प्रशासन, 440 ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सुनीं 78 जनसमस्याएं, स्वास्थ्य शिविर में जांच व दवा वितरण, विभागीय स्टॉलों पर मौके पर हुआ निस्तारण
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा पखवाड़ा – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड पाटी के दूरस्थ बिनवाल गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराया गया।

शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मुकेश महराना तथा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पाण्डेय मौजूद रहे। दूरस्थ क्षेत्र में प्रशासन के पहुंचने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 75 लोगों की शुगर एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। आयुष विभाग ने होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराईं, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण पत्र, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित कई सेवाओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 440 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 75, बाल विकास के 55, कृषि के 50, उद्यान के 30, पशुपालन के 30, दुग्ध विकास के 26, राजस्व के 25, होम्योपैथिक एवं पूर्ति विभाग के 20-20, ग्राम उत्थान के 20, पंचायती राज के 17, वन एवं आयुर्वेदिक विभाग के 15-15, आपदा प्रबंधन के 8, सेवायोजन एवं रेशम विभाग के 7-7, यूपीसीएल के 5, श्रम विभाग के 4 तथा सैनिक कल्याण विभाग के एक लाभार्थी शामिल रहे।
शिविर में ग्रामीणों से कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, पुल, विद्युत व्यवस्था, विद्यालयों की चारदीवारी, चैनलिंक फेंसिंग और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी मांगें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान ग्राम प्रधान बिनवाल गांव संजय बिनवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने का अनुरोध किया, जबकि अन्य ग्रामीणों ने स्थानीय रोजगार, सोलर लाइट, पशु बीमा, पेयजल लाइन की मरम्मत, स्कूल की बाउंड्री वॉल और सड़क सुधार जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक शासन-प्रशासन और सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मुकेश महराना, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी, जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

