चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों की बढ़ी चिंता, बॉक्सिंग कोच और वार्डन के तबादले पर उठे सवाल

ख़बर शेयर करें -

प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर असर की आशंका, मुख्यमंत्री से स्थानांतरण पर पुनर्विचार की मांग

अमित जोशी ‘बिट्टू’, टनकपुर/चम्पावत। स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में बॉक्सिंग कोच ललित कुमार तथा एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के स्थानांतरण के बाद छात्रावास में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। खिलाड़ियों का कहना है कि नियमित कोच और वार्डन के अभाव में प्रशिक्षण के साथ-साथ छात्रावास की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

Ad Ad

स्टेडियम के छात्रावास में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, हल्द्वानी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी पढ़ाई के साथ बॉक्सिंग और अन्य खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों और अभिभावकों का कहना है कि वर्तमान में न तो नियमित बॉक्सिंग कोच उपलब्ध हैं और न ही छात्रावास के लिए वार्डन की व्यवस्था है, जिससे खेल गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य नवीन चौहान और जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह ने कहा कि दूरदराज़ क्षेत्रों से आए खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर टनकपुर पहुंचे हैं। ऐसे में अनुभवी कोच और वार्डन का स्थानांतरण खिलाड़ियों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्डन की भूमिका केवल छात्रावास संचालन तक सीमित नहीं होती, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी उसी पर होती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में रात के समय खिलाड़ियों के अस्वस्थ होने जैसी परिस्थितियां भी सामने आ चुकी हैं।

बताया गया कि बॉक्सिंग कोच ललित कुमार के मार्गदर्शन में स्टेडियम के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में ललित कुमार भारतीय बॉक्सिंग टीम के साथ इंडोनेशिया दौरे पर हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि उनके स्थानांतरण से आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

वहीं एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के कार्यकाल की भी खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने सराहना की। उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में उनके मार्गदर्शन में स्टेडियम के खिलाड़ियों ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

छात्रावास में रह रहे खिलाड़ियों का कहना है कि फिलहाल वे पहले मिले प्रशिक्षण के आधार पर स्वयं अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए नियमित कोच का मार्गदर्शन आवश्यक है।

खिलाड़ियों के हितों को देखते हुए बॉक्सिंग कोच ललित कुमार और एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के स्थानांतरण पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई गई है। इस मांग का समर्थन जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य नवीन चौहान, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह, वरिष्ठ खिलाड़ी प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ खिलाड़ी दीपक प्रसाद ने किया है। सभी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से खिलाड़ियों के भविष्य और खेल हितों को प्राथमिकता देते हुए इस मामले में उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।