उत्तराखंड में अगले 3 घंटे भारी, चम्पावत समेत 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के चम्पावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और उधम सिंह नगर जिलों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 8 जुलाई रात 9:03 बजे से 9 जुलाई रात 12:03 बजे तक प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, कोटद्वार, चौखुटिया, रानीखेत, रामनगर, हल्द्वानी, टनकपुर, खटीमा, बाजपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज़ हवाएं और कहीं-कहीं तेज़ से बहुत तेज़ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

