पहाड़ में पति की मौत के बाद पत्नी ने गधेरे में छलांग कर जिदंगी कर ली खत्म
दिवंगत वैशाली खड़ायत और प्रदीप सोनी का करीब पांच साल पूर्व प्रेम विवाह हुआ था और दोनों की यह दूसरी शादी थी
पिथौरागढ़। सैकड़ों किलोमीटर दूर रह रहे पति की एकाएक मौत की सूचना के बाद गहरे सदमे में आई महिला की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव पिथौरागढ़ नगर के पास एक गधेरे में पड़ा मिला। महिला के पति का निधन रविवार सुबह ही मध्य प्रदेश के रीवा में हुआ। पुलिस ने महिला के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से जिला मुख्यालय से कुछ दूर भुरमुणी क्षेत्र निवासी वैशाली खड़ायत (35 वर्ष) का ससुराल मध्य प्रदेश के रीवा में है। वैशाली बीते शनिवार की शाम को ही रीवा स्थित ससुराल से पिथौरागढ़ पहुंची। पति के घर से लौटकर वह पिथौरागढ़ नगर के कुमौड़ क्षेत्र में रह रहे अपने पिता के घर गई। थाना जाजरदेवल से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह एकाएक उसके ससुराल से फोन आया कि उसके पति प्रदीप सोनी (36 वर्ष) का निधन हो गया है। इस सूचना से वैशाली गहरे सदमे में आ गई। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद वैशाली एकाएक पिता के घर से निकली और भागती-भागती नैनी-सैनी की तरफ गई। रविवार अपरान्ह करीब ढाई बजे जाजरदेवल थाना पुलिस को क्रिकेट एकेडमी पास नैनी-सैनी के नाले में महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली।
इस पर थानाध्यक्ष मनोज पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि जिस गधेरे में वैशाली का शव मिला वहां पानी लगभग घुटनों को बराबर है। मौके पर गए लोगों ने बताया कि महिला का पर्स और फोन भी नाले के पास ही ऊपर रखा मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। एसओ पांडे ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है, लेकिन आगे की जांच-पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
दोनों की थी दूसरी शादी, पांच साल पूर्व हुआ था प्रेम विवाह
पिथौरागढ़। जानकारी के अनुसार दिवंगत वैशाली खड़ायत और प्रदीप सोनी का करीब पांच साल पूर्व प्रेम विवाह हुआ था और दोनों की यह दूसरी शादी थी। जानकारी के अनुसार पांच साल के वैवाहिक जीवन के बाद भी दंपती की कोई संतान नहीं थी। प्रदीप का रीवा में अपना कारोबार था और वैशाली बीते शनिवार ही पति पास से लौटकर मायके पहुंची, लेकिन अगली ही सुबह उसके लिए मनहूस सूचना लेकर आई, जिसके बाद वैशाली होशोहवास में नहीं रही। बताया जा रहा है वैशाली के पति का साइलेंट अटैक आया, जिसके बाद दो लोगों का जीवन और उनका परिवार छिन्न-भिन्न हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

