चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल, धूरा चौड़ाकोट से श्यामलाताल तक निकली तिरंगा यात्रा

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न तिरंगा यात्राओं एवं रैलियों का आयोजन किया गया। स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आमजन ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

इसी क्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वीरभूमि के रूप में पहचान रखने वाली ग्राम पंचायत धूरा चौड़ाकोट में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा दी गई।

Ad Ad

श्यामलाताल झील में नावों पर लहराया तिरंगा

श्यामलाताल झील में युवाओं ने नावों के माध्यम से अनूठी तिरंगा रैली आयोजित की। झील में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इसके बाद श्यामलाताल से सूखीढांग तक तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। तिरंगा यात्राओं और रैलियों के माध्यम से जनपद में एकता, अखंडता, राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दिया जन उत्साह इस बात का प्रतीक रहा कि चम्पावत स्वतंत्रता दिवस को गौरव, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को व्यक्त करें।