उत्तराखण्डचमोलीनवीनतमहादसा

चमोली में निर्माणाधीन THDC टनल में मलबा और पानी घुसा, 18-19 लोगों के फंसे होने की सूचना; 16 सुरक्षित रेस्क्यू

ख़बर शेयर करें -

चमोली/देहरादून। चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में निर्माणाधीन THDC टनल में गुरुवार शाम मलबा और पानी भरने से अफरा-तफरी मच गई। टनल के भीतर करीब 18 से 19 लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ सहित विभिन्न एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

प्रारंभिक रेस्क्यू अभियान में 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य में उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिला प्रशासन घटनास्थल की लगातार निगरानी कर रहा है और टनल में फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Ad Ad

सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने बताया कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।

आपदा प्रबंधन विभाग भी लगातार कर रहा निगरानी

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि टनल में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और विशेषज्ञ दल भी घटनास्थल पर भेजे जाएंगे। जिला प्रशासन और राहत-बचाव से जुड़ी सभी एजेंसियां घटनास्थल पर समन्वित रूप से काम कर रही हैं। रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। स्थिति से जुड़ी विस्तृत और अद्यतन जानकारी मिलने पर साझा की जाएगी।