दून अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए जींस-शर्ट पर रोक, फॉर्मल ड्रेस और आईकार्ड अनिवार्य
देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अब डॉक्टरों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान ड्रेस कोड का पालन करना होगा। कैंसर रोग विभाग के एचओडी की ओर से कार्यालय आदेश जारी कर डॉक्टरों और कर्मचारियों को जींस-शर्ट पहनकर ड्यूटी पर नहीं आने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि कुछ डॉक्टर और कर्मचारी ड्यूटी के दौरान जींस-शर्ट पहनकर आ रहे हैं, जो कार्यालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। इसके मद्देनजर अब ड्यूटी के दौरान फॉर्मल ड्रेस, एप्रेन और आईकार्ड पहनना अनिवार्य किया गया है। आदेश का पालन नहीं करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अस्पताल में कर्मचारियों की हाजिरी को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। डीएमएस डॉ. विनय मित्तल ने बताया कि प्राचार्य और चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) स्तर से भी ड्रेस कोड संबंधी आदेश लागू किए जा चुके हैं। सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस पहनने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, कुछ डॉक्टरों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान जींस-शर्ट के बजाय फॉर्मल ड्रेस पहनना उचित है। इससे अस्पताल में डॉक्टरों की पेशेवर पहचान बनी रहती है और मरीजों को भी चिकित्सकीय स्टाफ की पहचान करने में आसानी होती है।
अस्पताल की 13 लिफ्ट में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
दून अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मरीजों की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने का फैसला किया है। इसके तहत अस्पताल की सभी 13 लिफ्ट में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अस्पताल के ओटी, आईसीयू और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बिना अनुमति वीडियो बनाने पर रोक रहेगी। अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य मरीजों की निजता बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।

